हॉलीवुड स्टार ब्रैड पिट एक बार फिर Apple Original Films के साथ नई फिल्म में नजर आने वाले हैं। उनकी अगली फिल्म का नाम Connector है। इस प्रोजेक्ट में पिट सिर्फ लीड रोल नहीं निभाएंगे, बल्कि अपनी प्रोडक्शन कंपनी Plan B Entertainment के जरिए फिल्म को प्रोड्यूस भी करेंगे।
फिल्म का निर्देशन डेरियस मार्डर करेंगे, जिन्हें ऑस्कर-नॉमिनेटेड फिल्म Sound of Metal के लिए जाना जाता है। इसकी कहानी डेरियस मार्डर ने अपनी बहन नीना मार्डर के साथ लिखी है।
Connector की कहानी 1970 के दशक के न्यूयॉर्क में सेट है। फिल्म में ब्रैड पिट एक ऐसे मेहनतकश आयरनवर्कर का किरदार निभाएंगे, जो ऊंची इमारतों के स्टील ढांचों पर काम करता है और अपने सामने खड़ी बड़ी ताकतों का मुकाबला करता है। फिल्म की कहानी एक आम कामगार के संघर्ष और हिम्मत पर आधारित होगी।
इस फिल्म को लेकर अभी रिलीज डेट या शूटिंग शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोजेक्ट फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है।
ब्रैड पिट और Apple की यह एक और साझेदारी है। इससे पहले दोनों Wolfs और F1 जैसी फिल्मों के साथ काम कर चुके हैं। अब देखना होगा कि Connector में पिट का यह नया अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है।

