ग्रैंडवे प्रोडक्शंस के बैनर तले निर्माता ईशपॉल सिंह चावला की रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म “दिल दीवाना हो गया” सफलतापूर्वक अपने दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है। देशभर में दर्शकों ने फिल्म को सराहा है, जबकि पंजाब, दिल्ली-यूपी और मुंबई में फिल्म को विशेष रूप से अच्छा प्रतिसाद मिला है।

फिल्म ने रिलीज के पहले सप्ताह में देशभर के 192 सिनेमाघरों में प्रदर्शन किया, जो नए कलाकारों के साथ बनी किसी फिल्म के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है। दूसरे सप्ताह में फिल्म मेरठ के देवगन सिनेमा में भी प्रदर्शित की जा रही है, जहां दर्शकों का उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि नए कलाकारों को लेकर फिल्म बनाना और उसे बड़े स्तर पर रिलीज करना आसान काम नहीं है। ऐसे समय में निर्माता ईशपॉल सिंह चावला बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने दिल से यह फिल्म बनाई और नए कलाकारों को अवसर दिया। चावला का मानना है कि इंडस्ट्री में नए कलाकारों को भी ब्रेक मिलना चाहिए और अगर कहानी अच्छी हो तो दर्शक उन्हें अवश्य स्वीकार करते हैं।
फिल्म में काजल चौहान, भनुज सूद और शुभकरण भोपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। काजल चौहान इससे पहले कई लोकप्रिय टीवी शोज़ में काम कर चुकी हैं। शुभकरण भोपाल भी टेलीविजन से जुड़े रहे हैं, जबकि भनुज सूद कई बड़े विज्ञापनों का जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं। तीनों कलाकारों की यह पहली हिंदी फीचर फिल्म है और दर्शकों ने उनके अभिनय की सराहना की है।
फिल्म के निर्देशक राजीव शामलाल सोनी की यह पहली हिंदी फिल्म है। इससे पहले वे ज़ी टीवी के लिए सफल कार्यक्रमों का निर्देशन कर चुके हैं और पंजाबी फिल्मों का भी निर्देशन कर चुके हैं। उनकी भावनात्मक और पारिवारिक कहानी कहने की शैली दर्शकों को पसंद आ रही है।
दर्शकों ने फिल्म की सुंदर लोकेशन्स, मधुर संगीत, भावनात्मक कहानी और पारिवारिक मनोरंजन की जमकर तारीफ की है। खास बात यह रही कि बड़े हॉलीवुड रिलीज़ स्पाइडरमैन जैसी फिल्म के सामने भी “दिल दीवाना हो गया” ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और दर्शकों का प्यार हासिल किया।
फिल्म में मुश्ताक खान, अरुण बख्शी, राजू खेर, बृज गोपाल, मेहुल बुच, गरिमा अग्रवाल, अंजलि गुप्ता और दिव्या द्विवेदी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
“दिल दीवाना हो गया” की सफलता इस बात का प्रमाण है कि अच्छी कहानी, मधुर संगीत और सच्चे दिल से बनाई गई फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों तक पहुंचती हैं। ग्रैंडवे प्रोडक्शंस, निर्माता ईशपॉल सिंह चावला, निर्देशक राजीव शामलाल सोनी और पूरी टीम को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई।










