प्यार, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित फिल्म “दिल दीवाना हो गया” 31 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ग्रैंडवे प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण इशपाल सिंह चावला ने किया है। यह फिल्म एक साफ-सुथरी पारिवारिक मनोरंजक कहानी के साथ तीन नए कलाकारों को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च भी कर रही है।

निर्माता इशपाल सिंह चावला का मानना है कि किसी भी फिल्म की सफलता बड़े सितारों से नहीं बल्कि अच्छी कहानी, मधुर संगीत और दमदार अभिनय से तय होती है।
“मैं हमेशा फिल्मों को एक आम दर्शक की नजर से देखता हूं। दर्शक अच्छी कहानी, दिल को छू लेने वाले संगीत और सच्चे अभिनय से जुड़ते हैं। ‘दिल दीवाना हो गया’ के जरिए हमारा प्रयास एक ऐसी पारिवारिक फिल्म देने का है, जिसे परिवार का हर सदस्य साथ बैठकर देख सके। मुझे खुशी है कि इस फिल्म के माध्यम से तीन नए कलाकारों को अवसर मिला है।” – इशपाल सिंह चावला

उन्होंने फिल्म के निर्देशक राजीव श्यामलाल सोनी की भी जमकर तारीफ की।
“राजीव जी ने इस फिल्म को अपना सौ प्रतिशत दिया है। वहीं संगीतकार विष्णु नारायण ने फिल्म के पांचों गीतों को बेहद खूबसूरती से तैयार किया है। मुझे विश्वास है कि ये गीत दर्शकों को लंबे समय तक याद रहेंगे।”
हाल ही में मुंबई में फिल्म का प्रोमो और संगीत लॉन्च किया गया, जहां मीडिया और विशेष मेहमानों ने फिल्म की पहली झलक देखी। प्रोमो और गीतों को शानदार प्रतिक्रिया मिली।
फिल्म का निर्देशन राजीव श्यामलाल सोनी ने किया है, जो कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों का सफल निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई और मनाली की खूबसूरत लोकेशन्स पर की गई है।
फिल्म के जरिए टीवी अभिनेत्री काजल चौहान बॉलीवुड में कदम रख रही हैं, जबकि भानुज सूद और शुभकरण भोपाल भी अपनी पहली हिंदी फीचर फिल्म के साथ दर्शकों के सामने आ रहे हैं।
“टेलीविजन से फिल्मों तक का सफर मेरा सपना था। मैं इशपाल सिंह चावला जी की आभारी हूं कि उन्होंने मुझ जैसे नए कलाकार पर विश्वास जताया। पूरी टीम ने बहुत मेहनत की है और उम्मीद है कि दर्शकों को हमारा काम पसंद आएगा।” – काजल चौहान
“एक नए कलाकार के लिए ऐसी फिल्म मिलना बेहद खास है। पूरी टीम ने ईमानदारी और समर्पण के साथ काम किया और यह अनुभव मेरे लिए बेहद यादगार रहेगा।” – भानुज सूद
“जब राजीव सर ने मुझे कहानी सुनाई तो मैंने तुरंत फिल्म के लिए हां कह दी। मनाली में शूटिंग करना मेरे लिए और भी खास रहा क्योंकि मेरा परिवार शूटिंग देखने आ सका।” – शुभकरण भोपाल
फिल्म में मुश्ताक खान, अरुण बख्शी, राजू खेर, बृज गोपाल, मेहुल बुच, गरिमा अग्रवाल, अंजलि गुप्ता और दिव्या द्विवेदी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का वितरण करण भाटिया की कंपनी जेबी पिक्चर्स करेगी। नए कलाकारों, खूबसूरत लोकेशन्स, मधुर संगीत और पारिवारिक कहानी से सजी “दिल दीवाना हो गया” 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।










